भारतीय कृषक दल के अध्यक्ष सरोज दीक्षित ने आज 13 सितम्बर, 2014 को होने वाले विधान सभा उप चुनाव में आलोक सिंह को अपना समर्थन देने की घोषणा की। ज्ञात हो कि आलोक सिंह सोशलिस्ट पार्टी (इण्डिया) के समर्थन से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका चुनाव चिन्ह दो मोमबत्तियां है।

हाल ही में सरोज दीक्षित, जो लम्बे समय से किसान हितों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, ने हरदोई में धरना देकर ए.पी.एल. कार्ड धारकों को उनके हिस्से का मिलने वाला अनाज दिलवाया। इसके लिए उन्हें खाद्यान्न माफिया से भीषण संघर्ष करना पड़ा जिसने जिलाधिकारी द्वारा ए.पी.एल. के अनाज के वितरण के आदेश को पलटवा दिया था। किन्तु जनता के दबाव और रोष के सामने अन्ततः प्रशासन को झुकना पड़ा।

सोशलिस्ट पार्टी (इण्डिया) यह माँग करती है कि उत्तर प्रदेश सरकार खाद्य सुरक्षा अधिनियम को ईमानदारी से लागू करें। इस कानून में खाद्य सुरक्षा हेतु सार्वजनिक वितरण प्रणाली के सार्वजनिकीकरण की माँग को न मानकर अभी भी दो श्रेणियां तय की गई है- अन्त्योदय और प्राथमिक। अन्त्योदय परिवार को प्रतिमाह 35 किलो. अनाज और प्राथमिक श्रेणी को प्रति व्यक्ति 5 किलो. अनाज दिये जाने का प्रावधान होगा। किन्तु पूर्व अनुभव के कारण श्रेणियों के सर्वेंक्षण में अनियमितता का अन्देशा है जिसकी वजह से पात्र लोग फिर छूट जायेंगे।

क्योंकि अनाज दोनों श्रेणियों में एक ही कीमत-रू0 3 प्रति किलो. चावल, रू0 2 प्रति किलो. गेंहू, और रू0 1 प्रति किलो. मोटा अनाज-पर अनाज दिया जाना है तो एक ही श्रेणी के तहत यह अनाज क्यों नहीं दिया जाता? सरकारी तनख्वाह पाने वाले और आयकर देने वाले लोगों को छोड़कर सभी को एक ही कीमत पर निश्चित मात्रा में अनाज, दाल, खाने का तेल, नमक, चीनी आदि वस्तुएं मिलनी चाहिए। ऐसा लगता है कि भ्रष्ट सरकारी तंत्र ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली पर अपना शिकंजा बनाये रखने के लिए सर्वेक्षण के आधार पर दो श्रेणियां बनाने का काम अपने पास रखा है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली में होने वाला भ्रष्टाचार तो जग जाहिर है।

जब तक खाद्यान्न योजनाओं का भ्रष्टाचार नहीं खत्म होता तब तक भारत से कुपोषण और गरीबी नहीं खत्म होगी।

हम सरकार से तनख्वाह पाने वाले व जन प्रतिनिधियों के बच्चों को सरकारी विद्यालयों में अनिवार्य रूप से पढ़ने की मांग को दोहराते हैं। जब सरकारी लोगों का सरकारी विमान सेवा एअर इण्डिया में चलना अनिवार्य किया जा सकता है तो उनके बच्चों का सरकारी विद्यालयों में पढ़ना क्यों नहीं?

सरोज दीक्षित (भारतीय कृषक दल), आलोक सिंह-8756222696 (उम्मीदवार विधान सभा उपचुनाव), गिरीश कुमार पांडेय-9415402311 (प्रदेश अध्यक्ष, सोशलिस्ट पार्टी), संदीप पांडेय (उपाध्यक्ष, सोशलिस्ट पार्टी), अनुराग आग्नेय-9450379003 (प्रवक्ता, सोशलिस्ट पार्टी), बाॅबी रमाकान्त

सोशलिस्ट पार्टी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *