पटना। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर आज सुबह सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) द्वारा पटना के राजीव नगर क्षेत्र में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मजदूर साथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में श्रम के महत्व को रेखांकित करना और मजदूर वर्ग के प्रति सम्मान व्यक्त करना था।

इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) के प्रदेश अध्यक्ष धनंजय सिन्हा ने वर्तमान सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आज की सरकार मजदूरों के हितों की अनदेखी कर रही है और नीतियां बड़े कॉरपोरेट घरानों के पक्ष में बनाई जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में आर्थिक असमानता तेजी से बढ़ रही है, जहां एक ओर बड़े उद्योगपति लगातार समृद्ध हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मजदूर वर्ग बुनियादी जरूरतों के लिए संघर्ष करने को मजबूर है।

धनंजय सिन्हा ने अपने भाषण में कहा कि “यह कैसा विकसित भारत है, जहां मजदूर को अपने ही परिवार के सदस्य के निधन का प्रमाण देने के लिए अमानवीय परिस्थितियों से गुजरना पड़ता है।” उन्होंने झारखंड की एक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि एक मजदूर को अपनी मृत बहन के बैंक खाते से पैसा निकालने के लिए उसका कंकाल तक निकालकर बैंक ले जाना पड़ा। यह घटना व्यवस्था की संवेदनहीनता को दर्शाती है।

उन्होंने आगे कहा कि भारत हमेशा से किसानों और मजदूरों का देश रहा है, लेकिन वर्तमान समय में यह कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों के हाथों में सिमटता जा रहा है। उन्होंने मजदूरों के अधिकारों की रक्षा और उनके जीवन स्तर को सुधारने के लिए संगठित संघर्ष की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम में पटना के विभिन्न क्षेत्रों से आए मजदूरों के साथ-साथ सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर मजदूरों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन श्रम के महत्व और मजदूर एकता के संदेश के साथ हुआ।


